प्रयागराज: मऊआइमा स्टेशन रोड पर जलभराव और कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल के बच्चे और मरीज सबसे ज्यादा परेशान

प्रयागराज: मऊआइमा स्टेशन रोड पर जलभराव और कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल के बच्चे और मरीज सबसे ज्यादा परेशान
प्रयागराज। मऊआइमा कस्बे का स्टेशन रोड इन दिनों लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। लगातार जलभराव और कीचड़ के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि स्कूली बच्चों को रोज़ाना कीचड़ से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई स्थानों पर स्कूल वाहन भी कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन रोड से लेकर अस्पताल, बैंक और मुख्य चौराहे तक आने-जाने वाले लोगों का बुरा हाल है। सड़क पर जमा गंदा पानी और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक और ई-रिक्शा चालक आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
वहीं दूसरी ओर,रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। निर्माण स्थल के पास वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को कीचड़ और गड्ढों से भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे न केवल आम नागरिक बल्कि स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी भारी परेशानी झेल रहे हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति इमरजेंसी सेवाओं की है। एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को कस्बे में प्रवेश करने के लिए कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे गंभीर मरीजों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी समस्या से पूरी तरह अनजान बने हुए हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो जलनिकासी की व्यवस्था की जा रही है और न ही लोगों को सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन बदहाल सड़कों, जलभराव और ओवरब्रिज निर्माण के दौरान फैली अव्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा? आखिर कब तक मऊआइमा की जनता इसी तरह रोज़ाना परेशानी झेलती रहेगी?

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads