मऊआइमा रेलवे ओवरब्रिज पर UP9 NEWS की खबर का असर! विभाग ने दिया जवाब, 54% काम पूरा, मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य
प्रयागराज। मऊआइमा में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को लेकर UP9 NEWS की ओर से 24 मई 2026 को प्रकाशित खबर का विभाग ने संज्ञान लेते हुए आधिकारिक अनुपालन आख्या जारी की है। विभाग की ओर से बताया गया है कि रेलवे क्रॉसिंग संख्या 61बी पर प्रस्तावित रेलवे उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य प्रगति पर है और परियोजना को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फरवरी 2026 से शुरू हुआ पहुंच मार्ग का निर्माण
विभागीय आख्या के अनुसार यह परियोजना प्रयागराज के विधानसभा क्षेत्र 255-सोरांव के अंतर्गत उत्तर रेलवे के प्रयागराज-अयोध्या रेलखंड के किलोमीटर 123/8-9 पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 61बी से संबंधित है।
सेतु निर्माण परियोजना के लिए 24 दिसंबर 2025 को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। परियोजना के तहत मुख्य सेतु का निर्माण रेलवे विभाग द्वारा, जबकि सेतु के पहुंच मार्ग का निर्माण सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है।
विभाग के मुताबिक पहुंच मार्ग के निर्माण का कार्य फरवरी 2026 में शुरू किया गया और वर्तमान में इसकी भौतिक प्रगति 54 प्रतिशत बताई गई है।
मार्च 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य
विभागीय रिपोर्ट में कहा गया है कि सेतु निर्माण का कार्य मार्च 2028 में पूर्ण किए जाने का प्रस्तावित लक्ष्य है। विभाग का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद मऊआइमा क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग से जुड़ी यातायात संबंधी समस्या का समाधान हो जाएगा।
मऊआइमा में रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को रेलवे फाटक और यातायात व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
UP9 NEWS की खबर के बाद आया आधिकारिक जवाब
UP9 NEWS ने 24 मई 2026 को “मऊआइमा आखिर कब मिलेगा भीषण जाम से छुटकारा? कब टूटेगा अतिक्रमण और कब होगा सड़क चौड़ीकरण?” जैसे सवालों को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसी शिकायत/खबर के संबंध में लोक निर्माण विभाग के आधिकारिक ट्विटर/व्हाट्सऐप/फेसबुक हैंडल पर की गई शिकायत के अनुपालन में विभाग की ओर से यह स्थिति स्पष्ट की गई है।
अब देखने वाली बात होगी कि 54 प्रतिशत तक पहुंचे निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कर मार्च 2028 तक मऊआइमा की जनता को ओवरब्रिज की सुविधा मिल पाती है या नहीं।
Tags
उत्तर प्रदेश