मऊआइमा थाने में 25 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप, युवती ने थाने में काटा हंगामा, VIDEO वायरल

मऊआइमा थाने में 25 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप, युवती ने थाने में काटा हंगामा, VIDEO वायरल

प्रयागराज। प्रयागराज के मऊआइमा थाने में एक युवती ने हेड मुहर्रिर पर मुकदमा दर्ज करने के नाम पर 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप लगाते हुए युवती ने थाना परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, मऊआइमा थाना क्षेत्र के किराव गांव में जमीनी विवाद को लेकर पहले मारपीट की घटना हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि इसी विवाद के बाद गांव के कुछ लोगों ने उसकी छवि खराब करने के उद्देश्य से एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि वह पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर मऊआइमा थाने पहुंची थी। आरोप है कि थाने के हेड मुहर्रिर ने एफआईआर दर्ज करने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की। युवती का कहना है कि जब उसने रुपये देने से इनकार कर दिया तो उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इससे नाराज होकर युवती ने थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में युवती एक पुलिसकर्मी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, UP9 News वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
समाचार लिखे जाने तक मऊआइमा थाना पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। यदि रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads