प्रयागराज में भूमाफियाओं पर बड़ा एक्शन! पुलिस कमिश्नर-डीएम ने दिए सख्त निर्देश |
प्रयागराज में भूमाफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी, गैंगस्टर और NSA के तहत होगी कार्रवाई
प्रयागराज, 24 जून 2026। जनपद में सक्रिय भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने की।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भूमाफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। अवैध रूप से सरकारी और निजी भूमि पर कब्जा करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके कब्जे हटाने, अवैध संपत्तियों को जब्त करने तथा उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी उपजिलाधिकारी और एसीपी संयुक्त रूप से भूमाफियाओं की पुरानी सूची की समीक्षा करें तथा नए भूमाफियाओं को चिन्हित कर सूची को अपडेट करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी भूमाफिया को कार्रवाई से बचने नहीं दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि भूमाफिया पोर्टल को अपडेट कर जनपद के सभी चिन्हित भूमाफियाओं का विवरण उसमें दर्ज किया जाए। साथ ही भूमाफियाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा भी की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि अधिकांश आपराधिक घटनाओं की जड़ भूमि विवाद होते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग को समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा कराई गई पैमाइश और पत्थरगड़ी को क्षति पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त विजय ढुल, डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी नजूल एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजय पांडे सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
#Prayagraj #LandMafia #BreakingNews #UPPolice #UPNews #UP9News #PrayagrajNews #AntiLandMafia #GangsterAct #NSA 🚨
Tags
उत्तर प्रदेश