मसीहा बनी मऊआइमा पुलिस: सड़क हादसे में घायल 7 लोगों को रात में पहुंचाया अस्पताल, बचाई जान

मसीहा बनी मऊआइमा पुलिस: सड़क हादसे में घायल 7 लोगों को रात में पहुंचाया अस्पताल, बचाई जान
प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता ने मानवता की एक मिसाल पेश की। जोगापुर मंडी के सामने ऑटो और सड़क किनारे खड़े क्रेशर ट्रक की टक्कर में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे प्रयागराज से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े क्रेशर ट्रक से पीछे से टकरा गया। दुर्घटना में ऑटो में सवार सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी मारुति नंदन तिवारी, उपनिरीक्षक रवि प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल अभिषेक कुमार यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और सरकारी एम्बुलेंस तथा निजी वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊआइमा पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को उनके परिजन निजी अस्पतालों में लेकर गए।
इस राहत एवं बचाव कार्य में ग्राम प्रधान चित्रसेन यादव के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहनीय योगदान दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, वाहनों की व्यवस्था करने और अस्पताल पहुंचाने में पूरा सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को समय रहते चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
स्थानीय लोगों ने मऊआइमा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। देर रात हुए इस हादसे में पुलिस की सक्रियता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए पुलिस हर समय तत्पर रहती है।
"सेवा, सुरक्षा और सहयोग" की भावना के साथ मऊआइमा पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर राहत कार्य को सफल बनाया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads