बरसात से पहले एक्शन में मऊआइमा नगर पंचायत,जलभराव रोकने को डीएम से लगाई गुहार.

बरसात से पहले एक्शन में मऊआइमा नगर पंचायत,जलभराव रोकने को डीएम से लगाई गुहार.
प्रयागराज/मऊआइमा। मानसून की दस्तक से पहले मऊआइमा नगर पंचायत प्रशासन जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सक्रिय हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद शोएब अंसारी ने जिलाधिकारी प्रयागराज को पत्र भेजकर नगर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने, नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने और व्यापक साफ-सफाई कराने की मांग की है।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि पिछले कई वर्षों से मऊआइमा में हल्की बारिश के बाद भी जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। कई मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
नगर पंचायत का बरसाती एवं घरेलू पानी ग्राम पंचायत क्षेत्र से होकर गुजरने वाले नालों के माध्यम से बाहर निकलता है। यह पानी पहले मऊआइमा ग्राम सभा चौहान का पूरा से होकर सराय केशव उर्फ बागी क्षेत्र के नाले तक पहुंचता है, जबकि दूसरा नाला मोहल्ला हजियना के पोखरे के तालाब से होकर पुराना तालाब तक जाता है और अंततः मनसैता नाले में जाकर मिल जाता है।
पत्र में बताया गया है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र के चौहान का पूरा समेत कई स्थानों पर लोगों द्वारा नालों पर अतिक्रमण कर लिया गया है। कहीं-कहीं नालों को पाट दिया गया है तो कई जगहों पर वर्षों से सफाई न होने के कारण गंदगी और सिल्ट जमा हो गई है। इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती है और नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है।
नगर पंचायत प्रशासन ने यह भी आरोप लगाया है कि नालों पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थिति हर साल और गंभीर होती जा रही है। इसी को देखते हुए नगर पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद शोएब अंसारी ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नालों की खुदाई, सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द कराई जाए, ताकि आगामी मानसून में नगरवासियों को जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरा कर लिया जाए तो मऊआइमा में हर वर्ष होने वाली जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।



Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads