भिवंडी में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, निकाला गया 22वां जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ

भिवंडी में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, निकाला गया 22वां जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ
रिपोर्ट अब्दुल्लाह अंसारी
भिवंडी, 26 अगस्त 2026। 1501वें सालाना जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर भिवंडी में 22वां जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ अकीदत, मोहब्बत और भाईचारे के माहौल में निकाला गया। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष जुलूस में आशिकान-ए-रसूल ﷺ के साथ बड़ी संख्या में हमवतन भाइयों ने भी शिरकत की, जिससे जुलूस ने रिकॉर्ड भागीदारी का स्वरूप लिया।
जुलूस की कयादत हजरत अल्लामा मौलाना मुफ्ती जुबैर अहमद साहब किबला मिस्बाही बरकाती ने की। जुलूस कोटरगेट मस्जिद से शुरू होकर मामू भांजा ग्राउंड तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने दरूद शरीफ, आयत-ए-करीमा और अन्य दुआओं का विर्द किया। जुलूस में शामिल लोगों ने अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
जुलूस का आयोजन रजा एकेडमी भिवंडी के अध्यक्ष कुरैशी आवेस रजा और उनकी टीम की देखरेख में किया गया। विभिन्न इस्लामी संगठनों, मोहल्ला कमेटियों, उलमा-ए-किराम और स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर, भिवंडी डीसीपी, एसीपी ईस्ट एवं वेस्ट, ट्रैफिक डीसीपी सहित फायर एंड सेफ्टी, हेल्थ डिपार्टमेंट, बीएमसी, टोरेंट पावर और अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
आयोजकों ने सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, मोहल्ला कमेटियों, धार्मिक संगठनों और स्वयंसेवकों का आभार जताया, जिनके सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
अमन, मोहब्बत और भाईचारे का दिया संदेश
जुलूस के दौरान उलमा-ए-किराम ने पैगंबर-ए-इस्लाम ﷺ की शिक्षाओं के अनुरूप अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही जुलूस में शामिल लोगों से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
जुलूस की कामयाबी पर कयादत करने वाले हजरत अल्लामा मौलाना मुफ्ती जुबैर अहमद साहब मिस्बाही बरकाती ने रजा एकेडमी भिवंडी की पूरी टीम को मुबारकबाद दी और जुलूस में शामिल सभी लोगों की सराहना की।
‘Say No To Drugs’ अभियान के तहत नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान ‘Say No To Drugs’ अभियान के तहत लोगों को नशे और मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। कयादत की ओर से अपील की गई कि लोग स्वयं हर तरह के नशे से दूर रहें और अपने बच्चों, युवाओं तथा परिवार को भी नशे की लत से बचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
लोगों से समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने और युवाओं को ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रखने की कोशिश करने की अपील की गई।
नमाज-ए-मगरिब के साथ हुआ समापन
जुलूस के समापन पर मामू भांजा ग्राउंड में नमाज-ए-मगरिब अदा की गई। इसके बाद उलमा-ए-किराम ने देश, समाज और सभी लोगों की भलाई, अमन और सलामती के लिए दुआ की।
रजा एकेडमी भिवंडी की ओर से जुलूस को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पुलिस विभाग, बीएमसी, टोरेंट पावर, फायर एंड सेफ्टी, ट्रैफिक एवं हेल्थ डिपार्टमेंट, राजनीतिक प्रतिनिधियों, धार्मिक संगठनों, मोहल्ला कमेटियों और तमाम स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads