मऊआइमा :आजमपुर पक्का तालाब में खतरनाक स्टंट, ईदगाह से दौड़ लगाकर तालाब में कूदा युवक—बाल-बाल बची जान
प्रयागराज। नगर पंचायत मऊआइमा के आजमपुर स्थित पक्का तालाब से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक युवक अपनी जान की परवाह किए बिना ईदगाह परिसर के पास से दौड़ लगाकर पक्का तालाब में छलांग लगाते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा है। युवक की यह करतबबाजी बेहद जोखिम भरी नजर आ रही है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और युवक बाल-बाल बच गया।
बारिश के बाद पक्का तालाब में जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में तालाब के आसपास लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई है। पार्क और गार्डन विकसित होने के बाद बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने पहुंचते हैं। वीकेंड पर तो यहां भीड़ और अधिक दिखाई देती है। महिलाएं और बच्चे भी पार्क में पहुंचते हैं।
लेकिन इसी बीच कुछ युवक तालाब में नहाने के साथ खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे हैं। सामने आए वीडियो ने तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक आजमपुर के इस पक्का तालाब में पिछले कुछ वर्षों में कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। इनमें बड़ी संख्या बच्चों की बताई जाती है, जो तालाब में नहाने के दौरान हादसे का शिकार हुए।
नगर पंचायत मऊआइमा की ओर से पूर्व में पार्क और पक्का तालाब के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई थी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। हालांकि अभी तक यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की बात सामने नहीं आई है।
हाल ही में नगर पंचायत की ओर से पार्क और तालाब के आसपास स्ट्रीट लाइट भी लगाई गई हैं। रोशनी और पार्क की सुंदरता के चलते शाम के समय लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में तालाब के आसपास सुरक्षा इंतजाम और निगरानी बेहद जरूरी हो जाती है।
सवाल यह है कि जब तालाब में पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं और यहां बच्चे व परिवार घूमने आते हैं, तो इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी को रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठा रहा है? अगर भविष्य में किसी युवक या बच्चे की जान ऐसे स्टंट या तालाब में नहाने के दौरान चली जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो प्रशासन और नगर पंचायत के लिए भी एक चेतावनी है कि पक्का तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और तालाब में उतरने या खतरनाक स्टंट करने वालों पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकें।
Tags
उत्तर प्रदेश