मऊआइमा में जलभराव का कहर: जिनके कंधों पर क्षेत्र की जिम्मेदारी, उन्हीं के घर में घुसा बारिश का पानी

मऊआइमा में जलभराव का कहर: जिनके कंधों पर क्षेत्र की जिम्मेदारी, उन्हीं के घर में घुसा बारिश का पानी
प्रयागराज/मऊआइमा। लगातार हो रही बारिश के बीच मऊआइमा नगर पंचायत क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात यह हैं कि जिन जनप्रतिनिधियों के कंधों पर अपने क्षेत्र की समस्याओं को नगर पंचायत तक पहुंचाने और समाधान कराने की जिम्मेदारी है, उन्हीं के घरों के बाहर और अंदर बारिश का पानी पहुंच गया।
नगर पंचायत मऊआइमा के आजमपुर वार्ड से समाजवादी पार्टी के सभासद मोहम्मद नसीम के घर में भी बारिश का पानी घुस गया। बताया गया कि रातभर पंप लगाकर घर के अंदर भरा पानी बाहर निकाला गया, लेकिन दोबारा बारिश होने के बाद पानी फिर इकट्ठा हो गया। दूसरे दिन भी सभासद के घर के बाहर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नाली और नालों में पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पा रही है। कई जगह नालियां और नाले चोक होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा हो रहा है। जलभराव के चलते लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है, जबकि कई परिवारों के घरों में पानी घुसने से लोग घरों में ही कैद होकर रह गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। बारिश से पहले नालियों और नालों की साफ-सफाई तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था के दावों के बावजूद बारिश के बाद जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है।
मऊआइमा नगर पंचायत में जलभराव की समस्या अब धीरे-धीरे विकराल रूप लेती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों और नालों की सफाई तथा पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
सभासद के घर के बाहर जमा पानी और घर में घुसा बारिश का पानी नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत और प्रशासन इस समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।
UP9 News लगातार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा। आपका क्षेत्र, आपकी समस्या और आपकी आवाज—हमारी जिम्मेदारी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads