प्रयागराज पुलिस का सराहनीय कार्य: 210 गुमशुदा मोबाइल बरामद 63 लाख से अधिक के मोबाइल फोन रिकवर
प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन की सर्विलांस सेल ने एक सराहनीय अभियान चलाते हुए 210 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया है। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 63 लाख 24 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के कुशल पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल द्वारा जनसामान्य के खोए हुए मोबाइल फोन संबंधी प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई की गई। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मोबाइल फोन रिकवर कर उनके मालिकों तक पहुंचाए गए।
सर्विलांस सेल की टीम ने मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इस दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, सीईआईआर पोर्टल, लोकेशन ट्रैकिंग सहित आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर भौतिक सत्यापन कर मोबाइल फोनों का पता लगाया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर उनके स्वामियों ने खुशी जताते हुए कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से न केवल लोगों की बहुमूल्य संपत्ति वापस मिली है, बल्कि मोबाइल में सुरक्षित महत्वपूर्ण डेटा की भी सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
सर्विलांस टीम ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल अपने नजदीकी थाने में सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल की रसीद और पहचान पत्र के साथ आवेदन दर्ज कराएं। आवेदन के बाद प्राप्त रिक्वेस्ट नंबर के माध्यम से भविष्य में मोबाइल के उपयोग की सूचना संबंधित व्यक्ति को मिल सकेगी, जिससे पुलिस द्वारा उसे बरामद कर वापस कराया जा सकेगा।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर
हेड कांस्टेबल रबीश चन्द्र यादव
हेड कांस्टेबल अगंद गिरी
कांस्टेबल राहुल यादव
कांस्टेबल अमित मिश्रा
महिला कांस्टेबल प्रियंका पाल
प्रयागराज पुलिस की इस कार्रवाई को जनता की सेवा और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
Tags
उत्तर प्रदेश