मऊआइमा आखिर कब मिलेगा भीषण जाम से छुटकारा? कब हटेगा अतिक्रमण और कब होगा सड़क चौड़ीकरण?

मऊआइमा आखिर कब मिलेगा भीषण जाम से छुटकारा? कब हटेगा अतिक्रमण और कब होगा सड़क चौड़ीकरण?
प्रयागराज जनपद की नगर पंचायत मऊआइमा इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रही है। हालात यह हैं कि कस्बे की मुख्य सड़क पर हर दिन लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। शादी-विवाह का सीजन होने के कारण बारात और अन्य वाहनों की लंबी कतारें सड़क पर देखने को मिल रही हैं, जिससे नगरवासियों और राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पहले से ही संकरी सड़क और बढ़ते अतिक्रमण के कारण परेशान लोगों के लिए अब मऊआइमा रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज का कार्य भी नई चुनौती बन गया है। प्रशासन द्वारा रूट डायवर्ट तो किया गया है, लेकिन इसके बावजूद जाम की समस्या दिनों-दिन विकराल होती जा रही है। ऐसे में एक बार फिर कस्बे की सड़कों से अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थिति यह हो गई है कि बाहरी वाहन चालक अब मऊआइमा कस्बे में प्रवेश करने से कतराने लगे हैं। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है। बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम होती दिखाई दे रही है और दुकानदारों में चिंता बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि अंसार अहमद द्वारा दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नगर पंचायत मऊआइमा को सभी विभागों और पक्षों से समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने इसके लिए छह सप्ताह का समय भी निर्धारित किया था। इसके बाद कस्बे के तीन बत्ती चौराहा, नाटी इमली, पुराना बस अड्डा से रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में नगर पंचायत द्वारा संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे और आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए थे। अधिकांश लोगों ने सड़क चौड़ीकरण को विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी बताया था। हालांकि सड़क किनारे बने मकान और दुकानों पर कार्रवाई की आशंका के चलते कुछ लोगों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिस पर कुछ समय के लिए स्टे भी मिला था।
लेकिन बाद में जनहित याचिका पर दोबारा सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने नगर पंचायत को जल्द अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगरवासियों को उम्मीद जगी थी कि अब सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो जाएगा।
कुछ दिन पहले राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे हुए अतिक्रमण की निशानदेही भी की थी, लेकिन उसके बाद पूरा मामला फिर ठंडे बस्ते में जाता दिखाई दे रहा है। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर मऊआइमा की जनता को जाम से राहत कब मिलेगी? अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई आखिर कब शुरू होगी?
एक ओर जहां पूरे प्रदेश में सड़कों का तेजी से चौड़ीकरण और नवीनीकरण किया जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके, वहीं आजादी से पहले की बसावट वाला मऊआइमा कस्बा आज भी संकरी और बदहाल सड़कों की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में नगरवासियों की निगाहें अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि आखिर इस बड़ी समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads