मऊआइमा में तीसरे दिन भी बिजली गुल, पानी का संकट गहराया
आंधी-तूफान ने बढ़ाई मुश्किलें, भीषण गर्मी से लोग बेहाल
प्रयागराज के मऊआइमा कस्बे में आए तेज आंधी-तूफान के बाद तीसरे दिन भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है। लगातार बिजली बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है, वहीं पानी का संकट भी गहराता जा रहा है।
आंधी-तूफान के चलते कई बिजली पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिनकी मरम्मत का कार्य लगातार जारी है। बिजली विभाग की कई टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में युद्धस्तर पर काम कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके। स्थानीय लोग भी बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर सहयोग कर रहे हैं।
नगर पंचायत मऊआइमा के स्थानीय सभासद कौसर गयास भी क्षतिग्रस्त पोलों और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। उन्होंने नगर पंचायत की ओर से सहयोग करते हुए बिजली विभाग की टीमों के साथ मिलकर मरम्मत कार्य तेज कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बिजली न रहने से पेयजल संकट और बढ़ गया है। घरों में पानी खत्म होने लगा है और गर्मी के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था पूरी तरह सुचारू कराई जाए ताकि लोगों को गर्मी और पानी की समस्या से राहत मिल सके।
Tags
News