होलागढ़ में हत्या कांड का खुलासा,3 आरोपी गिरफ्तार
चोरी के शक में युवक को पीट-पीटकर किया अधमरा, इलाज से पहले हुई मौत
प्रयागराज होलागढ़ पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे (आलाकत्ल) भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार थाना होलागढ़ में दर्ज मुकदमा संख्या 46/2026 धारा 103(2) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त अमित पटेल, अजय पटेल और संजय पटेल पुत्रगण श्यामलाल पटेल निवासी भगौतीपुर खुटहना को मालापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि 12 मई 2026 को भगवतीपुर खुटहना स्थित हनुमान मंदिर के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान आशीष पटेल पुत्र छेदीलाल पटेल निवासी धरवन का पुरा पूरबनारा थाना होलागढ़ के रूप में की थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक आशीष पटेल 12 मई की रात अमित पटेल की सब्जी की दुकान में चोरी करने पहुंचा था। आवाज सुनकर अमित की नींद खुल गई और उसने शोर मचाया। इसके बाद उसके भाई अजय और संजय भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर आशीष को डंडों से बुरी तरह पीटा और अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। बाद में उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित पटेल (24 वर्ष), अजय पटेल (38 वर्ष) और संजय पटेल (33 वर्ष) शामिल हैं। तीनों निवासी भगौतीपुर खुटहना थाना होलागढ़ कमिश्नरेट प्रयागराज के रहने वाले हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल हीरालाल यादव, कांस्टेबल नन्दकिशोर, राहुल गोंड और सत्येन्द्र गोंड शामिल रहे।
Tags
News