प्रयागराज में लूटकांड का खुलासा: सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹96 हजार व जेवर बरामद
Prayagraj। गंगानगर जोन की थाना सोरांव पुलिस, जनपदीय एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के ₹96 हजार नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना सोरांव में दर्ज मुकदमा संख्या 159/2026 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार 19 मई 2026 को बिगहिया अंडरपास क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयूष खेड़ा, अर्पित जायसवाल, अनुज वर्मा और दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी प्रयागराज के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
क्या था मामला
पुलिस के मुताबिक 9/10 मई 2026 की रात थाना सोरांव क्षेत्र के मलाक चतुरी रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को चाकू दिखाकर रोक लिया और नकदी व सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद थाना सोरांव में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
इंस्टाग्राम से बनी लूट की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपांशु वर्मा चौक स्थित एक सर्राफा दुकान में काम करता था। उसे जानकारी थी कि पीड़ित व्यापारी अक्सर रात के समय चौक से जेवर खरीदकर अपने गांव स्थित दुकान पर ले जाता था। इसी जानकारी के आधार पर दीपांशु ने अपने साथी आदित्य सिंह को इंस्टाग्राम के जरिए सूचना दी कि “टारगेट निकल चुका है”।
इसके बाद आरोपी अनुज वर्मा की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से आदित्य, अर्पित और पीयूष ने व्यापारी का पीछा किया। मलाक चतुरी रोड पर सुनसान जगह देखकर आरोपियों ने व्यापारी की बाइक ओवरटेक कर रोक लिया और चाकू के बल पर बैग लूट लिया। घटना के बाद सभी आरोपी करेली क्षेत्र पहुंचकर नकदी और जेवर आपस में बांट लिए।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹96 हजार नकद और कई आभूषण बरामद किए हैं। इनमें सोने के झुमके, हार, लॉकेट और चांदी की चेन शामिल हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद हुई है।
इन धाराओं में बढ़ाई गई कार्रवाई
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2)(क) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना सोरांव पुलिस, जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और आईसीसीसी की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के निर्देशन में किया गया।
Tags
उत्तर प्रदेश