मऊआइमा में आंधी-तूफान का कहर,दो दिन बाद भी बिजली गुल, पानी संकट गहराया

मऊआइमा में आंधी-तूफान का कहर, दो दिन बाद भी बिजली गुल, पानी संकट गहराया
प्रयागराज के मऊआइमा कस्बे में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। तूफान के दो दिन बीत जाने के बाद भी नगर और आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है। बिजली न होने से लोगों को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पानी का संकट भी गहराता जा रहा है।
तेज हवाओं और तूफान की वजह से सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जबकि बड़ी संख्या में बिजली के पोल गिर गए और कई जगह बिजली के तार टूट गए। जानकारी के मुताबिक 33 हजार केवी की मेन लाइन पर भी पेड़ गिर गया, जिससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगभग 50 से 60 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन नुकसान ज्यादा होने के कारण सप्लाई बहाल करने में समय लग रहा है।
बिजली संकट के चलते पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई है। लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था। ऐसे में नगर पंचायत द्वारा टैंकरों के माध्यम से मोहल्लों में पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। पानी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और नगर पंचायत अध्यक्ष का धन्यवाद किया।
बिजली विभाग JE ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।
आंधी-तूफान के बाद मऊआइमा में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। लोग अब जल्द से जल्द बिजली और पानी की व्यवस्था सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads