प्रयागराज में मौसम का बदला मिजाज: तेज आंधी-तूफान और बारिश से मची तबाही, बिजली व्यवस्था ठप! ! तेज आंधी से मऊआइमाा में भी बड़ा नुकसान

प्रयागराज में मौसम का बदला मिजाज: तेज आंधी-तूफान और बारिश से मची तबाही, बिजली व्यवस्था ठप

Prayagraj के मऊआइमा कस्बा समेत आसपास के इलाकों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक भयावह रूप ले लिया। तेज आंधी-तूफान, धूल भरी हवाओं और बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर भारी तबाही भी मचा दी। शाम करीब 5 बजे से पहले ही आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते पूरे इलाके में अंधेरा जैसा माहौल बन गया।
तेज हवाओं के साथ चली आंधी इतनी प्रचंड थी कि कई स्थानों पर पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गए। दर्जनों बिजली के पोल धराशायी हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। कई मोहल्लों और गांवों में देर शाम तक अंधेरा पसरा रहा। आंधी के कारण कई घरों की टीन और पत्र उड़ गए, जबकि कई स्थानों पर दीवार गिरने की भी खबर सामने आई है।
मऊआइमा कस्बे के बाजार और मुख्य सड़कों पर अचानक आए तूफान से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान सुरक्षित करने में जुट गए। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से रास्ते जाम हो गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद बारिश ने जरूर राहत पहुंचाई, लेकिन तेज तूफान ने भारी नुकसान भी किया है। किसानों को भी फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें नुकसान का आकलन करने में जुट गई हैं। हालांकि देर रात तक पूरी तरह से नुकसान के आंकड़े सामने नहीं आ सके थे, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई क्षेत्रों में व्यापक क्षति हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और पेड़ों, बिजली के खंभों व कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads