प्रयागराज में पुलिस मुठभेड़: हिमांशु हत्याकांड का आरोपी साहिल यादव गिरफ्तार

प्रयागराज में पुलिस मुठभेड़: हिमांशु हत्याकांड का आरोपी साहिल यादव गिरफ्तार
Prayagraj के गंगानगर जोन अंतर्गत थाना होलागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त साहिल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 की देर रात करीब 12:30 बजे थाना होलागढ़ पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 10 मई को टोडीपुरवा नहर के पास हुई हत्या की घटना में वांछित आरोपी साहिल यादव दुर्गापुर नहर के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल यादव पुत्र महेन्द्र यादव निवासी चन्देलन का पुरा पूरबनारा थाना होलागढ़ कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल नंबर UP 70 AH 6837 बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 10 मई 2026 को टोडीपुरवा नहर पुल के पास साहिल यादव ने पुरानी रंजिश के चलते हिमांशु नामक युवक को समझौते के बहाने बुलाया था। दोनों के बीच पहले हाथापाई हुई, जिसके बाद आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में थाना होलागढ़ में मुकदमा संख्या 44/2026 धारा 103(1) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले मोटरसाइकिल टकराने की घटना को लेकर दोनों के बीच विवाद और रंजिश चल रही थी। उसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्र, कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल सिद्धार्थ दुबे और महिला कांस्टेबल प्रियंका शामिल रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads