मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, मऊआइमा पुलिस की कार्रवाई
मऊआइमा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति को फंसाने की नीयत से उसके नाम का दुरुपयोग कर व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश और धमकी भेजी थी।
पुलिस आयुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगानगर जोन की थाना मऊआइमा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त नितेश कटियार को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार को थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव के पास से की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नितेश कटियार पुत्र स्वर्गीय सुरेन्द्र कुमार कटियार निवासी ब्रह्मनान कस्बा, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि मुकदमा वादी द्वारा पहले साइबर थाना गाजियाबाद में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन उसी रंजिश को लेकर आरोपी वादी से नाराज चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी कारण आरोपी ने वादी को फंसाने के उद्देश्य से उसके नाम का इस्तेमाल करते हुए व्हाट्सऐप पर मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी।
इस मामले में थाना मऊआइमा में मु0अ0सं0-119/26 के तहत धारा 318(4), 340(2), 351(2), 352 भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आलोक सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर यादव एवं कांस्टेबल जगजीवन राम शामिल रहे।
Tags
क्राइम