प्रयागराज में 102.5 किलो गांजा बरामद, पंजाब के 2 तस्कर गिरफ्तार, 25 लाख की खेप जब्त
प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हण्डिया पुलिस और एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 102 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 29 मई की रात थाना हण्डिया क्षेत्र के भीटी बाजार स्थित फ्लाईओवर के पिलर नंबर-32 के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना हण्डिया पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची तथा सहायक पुलिस आयुक्त हण्डिया की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक संख्या PB 06 BC 9872 में छिपाकर रखा गया 102 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजोध सिंह (37 वर्ष) निवासी गुरदासपुर, पंजाब तथा शुभम कुमार (29 वर्ष) निवासी गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि करीब पांच-छह दिन पहले उड़ीसा से एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गांजा वाराणसी पहुंचाने के लिए भेजा था। वाराणसी पहुंचने के बाद उन्हें निर्देश मिला कि गांजे की खेप को मिर्जापुर पहुंचाना है। इसके लिए वे भीटी फ्लाईओवर के पास ट्रक खड़ा कर किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा तस्करी से मिलने वाले पैसे आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
बरामदगी
102 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा
ट्रक संख्या PB 06 BC 9872
एक कीपैड मोबाइल फोन
मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना हण्डिया में मु0अ0सं0-257/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रयागराज एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त गंगानगर तथा अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त हण्डिया के नेतृत्व में थाना हण्डिया पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
Tags
उत्तर प्रदेश