DCP-ACP के नेतृत्व में मऊआइमा में फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
मऊआइमा। आगामी होली पर्व और रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रयागराज की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में मऊआइमा थाना क्षेत्र में डीसीपी गंगानगर और एसीपी फूलपुर के नेतृत्व में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस टीम ने मऊआइमा कस्बा क्षेत्र के विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम जनमानस को सुरक्षा का एहसास दिलाया और स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
होली को लेकर विशेष रूप से चेतावनी जारी करते हुए पुलिस ने कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन सीज करने सहित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने की बात कही है तथा क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। थाना स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Tags
उत्तर प्रदेश