प्रयागराज में होली और रमजान को लेकर पुलिस अलर्ट, मऊआइमा में एसीपी फूलपुर के नेतृत्व में पैदल मार्च

प्रयागराज में होली और रमजान को लेकर पुलिस अलर्ट, मऊआइमा में एसीपी फूलपुर के नेतृत्व में पैदल मार्च
प्रयागराज: आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रयागराज पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इसी क्रम में मऊआइमा कस्बा व आसपास के क्षेत्रों में एसीपी फूलपुर विवेक यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने पैदल मार्च किया। पुलिस का यह मार्च लोगों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से निकाला गया।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस टीम ने कस्बा क्षेत्र के प्रमुख स्थानों—तीन बत्ती चौराहा, सदर बाजार, नाती इमली और मुख्य बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त की। बाजारों में मौजूद दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की गई।
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी ली गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। शराब पीकर वाहन चलाने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही आपसी सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस के इस पैदल मार्च से क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा का एहसास हुआ और उन्होंने प्रशासन के इस कदम की सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads