मऊआइमा में चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान, पतंग दुकानों पर छापेमारी, लोगों को किया गया जागरूक
प्रयागराज।
मऊआइमा कस्बा क्षेत्र में चाइनीज मांझा की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए मऊआइमा पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तीन बत्ती चौराहा, कजियाना कला, गजिया बाजार समेत अलग-अलग मोहल्लों में खुली पतंग की दुकानों पर पुलिस टीम ने सर्च अभियान चलाकर जांच की।
पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकान या व्यक्ति के पास चाइनीज मांझा पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानदारों के साथ-साथ आम लोगों को भी चाइनीस मांझा से होने वाले गंभीर नुकसान के बारे में जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीस मांझा न केवल इंसानों के लिए खतरनाक है, बल्कि इससे पक्षियों और दोपहिया वाहन चालकों को भी गंभीर चोट लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सख्ती के मूड में है।
बताया गया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी चाइनीस मांझा की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में मऊआइमा पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि ड्रोन कैमरे की मदद से भी कस्बा क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है, ताकि कहीं छिपकर चाइनीस मांझा की बिक्री न हो सके। अभियान के दौरान दुकानदारों को साफ निर्देश दिए गए कि वे केवल वैध और सुरक्षित मांझा ही बेचें।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं चाइनीस मांझा की बिक्री या उपयोग की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
यह कार्रवाई मऊआइमा क्षेत्र में बढ़ती पतंगबाजी और उससे जुड़े हादसों को रोकने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
Tags
उत्तर प्रदेश