मऊआइमा शराब पीकर वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई एसीपी विवेक यादव ! होली को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई संपन्न


मऊआइमा शराब पीकर वाहन चलाने पर   होगी कार्रवाई एसीपी विवेक यादव !होली को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई संपन्न

मऊआइमा (प्रयागराज)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मऊआइमा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए एसीपी विवेक यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि होली के दिन शराब पीकर बाइक या अन्य वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो उसका वाहन तत्काल सीज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उस दिन किसी भी प्रकार की सिफारिश नहीं सुनी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली का त्योहार हर्षोल्लास, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं।
एसीपी ने अवैध व जहरीली शराब के कारोबार पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध शराब बनाए जाने या बेचे जाने की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर होलिका दहन स्थल को लेकर विवाद की स्थिति है, जिसे आपसी सहमति और प्रशासनिक सहयोग से सुलझा लिया जाएगा।
बैठक में मौजूद बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी बहादुर सिंह ने नागरिकों से अपील की कि बिजली के तारों और खंभों के पास होलिका दहन न करें। साथ ही ‘कपड़ा फाड़ होली’ के दौरान बिजली तारों पर कपड़े या अन्य सामग्री न फेंकी जाए, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शत-प्रतिशत विद्युत आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पंकज अवस्थी, चेयरमैन शोएब अंसारी, निमेष खत्री, प्रधान तीरथ यादव, जिला पंचायत सदस्य कमरूल हसन, ग्राम प्रधान अशोक विश्वकर्मा, गुड्डू, इफ्तिखार अहमद, चित्रसेन यादव, वसीमुद्दीन, सभासद राहुल ठाकुर, बचऊ, राम आसरे पटेल, अमजद अली, कौशर गयास, सुरेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, हकीम उद्दीन, सरवर भारत यादव सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads