मऊआइमा आजमपुर ईदगाह में हजारों रोजेदारों ने किया सामूहिक रोजा इफ्तार, मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआ


मऊआइमा आजमपुर ईदगाह में हजारों रोजेदारों ने किया सामूहिक रोजा इफ्तार, मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआ
प्रयागराज, मऊआइमा।
पवित्र रमजान माह के दौरान मऊआइमा कस्बे में भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। प्रयागराज के मऊआइमा स्थित आजमपुर ईदगाह परिसर में हजारों रोजेदारों ने एक साथ सामूहिक रोजा इफ्तार किया और देश में अमन-चैन व तरक्की के लिए दुआएं मांगीं।
यह सामूहिक रोजा इफ्तार कार्यक्रम मऊआइमा बुनकर संगठन के अध्यक्ष शोएब अंसारी की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मऊआइमा कस्बा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए। भीड़ अपेक्षा से अधिक होने के कारण ईदगाह परिसर के बाहर भी लंबा-चौड़ा दस्तरखान बिछाया गया, जहां लोगों ने एक साथ बैठकर रोजा खोला।
अजान होते ही रोजेदारों ने खजूर और पानी से रोजा इफ्तार किया। इसके बाद सभी ने मिलकर नमाज अदा की। मुफ्ती हबीबुर रहमान ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद मुल्क में अमन-ओ-अमान, आपसी भाईचारे और गुनाहों की माफी के लिए खास दुआ की गई।
कार्यक्रम में अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। स्थानीय लोगों ने इफ्तार सामग्री वितरण और लोगों को बैठाने की व्यवस्था संभाली। पूरे आयोजन में एकता, सद्भाव और धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन समाज में प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। रमजान का महीना आपसी मेलजोल, सब्र और इबादत का पैगाम देता है, और मऊआइमा में आयोजित यह इफ्तार उसी का प्रतीक रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads