मऊआइमा कस्बा में खुलेआम बिक रहा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा, छोटे बच्चे भी चपेट में — सख्त आदेशों के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल
प्रयागराज। जिले के मऊआइमा कस्बा चौकी क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग लगातार जारी है। हालत यह है कि गली-मोहल्लों से लेकर दुकानों तक यह खतरनाक मांझा आसानी से मिल रहा है। छोटे बच्चे भी इसी जानलेवा मांझे से पतंग उड़ाते नजर आ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मऊआइमा पुलिस चौकी क्षेत्र में तमाम शिकायतों और उच्च अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद दुकानदार बेखौफ होकर चाइनीज मांझा बेच रहे हैं। कस्बे के कई इलाकों में बच्चे और युवा खुलेआम इस मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।
गौरतलब है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट पहले ही साफ आदेश दे चुका है कि नायलॉन व सिंथेटिक धागे से बने चाइनीज मांझे का निर्माण, बिक्री और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कोर्ट ने इसे इंसानों और पक्षियों दोनों के लिए बेहद खतरनाक बताया है।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशभर में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। सीएम ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे से यदि किसी की मौत होती है, तो इसे हत्या माना जाएगा और दोषियों पर मर्डर जैसी सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही हर जिले में 24×7 निगरानी, नोडल अधिकारियों की तैनाती और लगातार छापेमारी के आदेश भी दिए गए हैं।
प्रशासन के मुताबिक थोक विक्रेताओं के गोदामों, दुकानों और ऑनलाइन बिक्री तक पर नजर रखी जा रही है। स्कूल-कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि बच्चे इस जानलेवा मांझे से दूर रहें।
लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। प्रयागराज जनपद के मऊआइमा कस्बे में अब भी चाइनीज मांझा आसानी से उपलब्ध है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब हाईकोर्ट और मुख्यमंत्री स्तर से कड़े निर्देश जारी हो चुके हैं, तो मऊआइमा क्षेत्र में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री आखिर किसके संरक्षण में चल रही है? क्या पुलिस-प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मऊआइमा कस्बे में तत्काल विशेष अभियान चलाकर दुकानों पर छापेमारी की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो,
बताते चलें कुछ दिन पहले मऊआइमा पुलिस ने अभियान चला कर पतंग बेचने वाले की कई दुकानों पर चेकिंग भी की थी. लेकिन चाइनीस मांझा कहीं से बरामद नहीं हुआ पुलिस के छापेमारी के बाद भी कस्बा क्षेत्र में चाइनीस मंझा का उपयोग हो रहा है जिससे आम जनमानस परेशान है ?
Tags
उत्तर प्रदेश