मुंबई के सैफी हॉस्पिटल में सपा नेता आसिफ सिद्दीकी का निधन, महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक शोक की लहर
प्रयागराज/मुंबई। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके आसिफ सिद्दीकी का मुंबई के सैफी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर सामने आते ही महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक शोक की लहर दौड़ गई।
आसिफ सिद्दीकी अपने राजनीतिक जीवन के साथ-साथ एक सफल व्यवसायी और बेहद मिलनसार एवं नेकदिल व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। वे लंबे समय से मुंबई में रहकर कारोबार कर रहे थे, लेकिन अपने गृह जनपद प्रयागराज और आसपास के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव बना हुआ था। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और सभी वर्गों के लोगों के साथ आत्मीय व्यवहार के कारण उनकी अलग पहचान थी।
उनके निधन की सूचना जैसे ही प्रयागराज पहुंची, उनके निजी आवास पर रिश्तेदारों, शुभचिंतकों, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों का जमावड़ा लग गया। हर किसी की जुबान पर उनके सरल स्वभाव, मददगार व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण की चर्चा रही। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आसिफ सिद्दीकी ने प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई थी। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ वे सामाजिक सरोकारों से भी लगातार जुड़े रहे। लोगों का कहना है कि वे हमेशा हर व्यक्ति की मदद के लिए आगे रहते थे और अपने व्यवहार से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना चुके थे।
उनके निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत से जुड़े अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। समर्थकों का कहना है कि आसिफ सिद्दीकी का जाना समाज और राजनीति दोनों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि उन्हें चाहने वाले हजारों लोग भी गहरे सदमे में हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें।
Tags
News