लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज मंडल में बड़ी कार्रवाई, 10 कोचिंग संस्थान सील

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज मंडल में बड़ी कार्रवाई, 10 कोचिंग संस्थान सील




प्रयागराज। लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया) क्षेत्र में 22 जून 2026 को हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है। शासन के निर्देश पर प्रयागराज मंडल में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुरक्षा मानकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर प्रयागराज, कौशाम्बी समेत मंडल के सभी जिलों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अब तक प्रयागराज और कौशाम्बी में कुल 10 कोचिंग एवं शैक्षणिक संस्थानों को सील कर दिया गया है, जबकि 52 से अधिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि कई संस्थानों के पास अग्निशमन विभाग का वैध एनओसी नहीं था। कई जगहों पर इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं मिली, अग्निशमन यंत्र अनुपयोगी पाए गए और उनकी वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा कई संस्थान स्वीकृत मानचित्र और भू-उपयोग के विपरीत संचालित होते मिले।
निरीक्षण के दौरान बेसमेंट में अवैध रूप से कक्षाएं और लाइब्रेरी संचालित होने, निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बैठाने, विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी, खुले बिजली के तार और वेंटिलेशन की कमी जैसी गंभीर खामियां भी सामने आईं। प्रशासन ने माना कि कुछ संस्थानों ने छात्रों की सुरक्षा से अधिक व्यावसायिक हितों को प्राथमिकता दी है।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच अभियान लगातार जारी रखा जाए और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रयागराज में सील किए गए संस्थान
खान ग्लोबल कोचिंग संस्थान, सिविल लाइन्स
खान आईएएस कोचिंग, सिविल लाइन्स
पितृ छाया कोचिंग एवं राव आईएएस, सिविल लाइन्स
स्टेनली रोड स्थित कंप्यूटर एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट
कौशाम्बी में सील किए गए संस्थान
कौशाम्बी डिजिटल लाइब्रेरी, मंझनपुर
मास्टर स्टडी, मंझनपुर
डिजिटल क्लासेज, मंझनपुर
अशोका लाइब्रेरी, भरवारी
यूनिक क्लासेज, चायल
शारदा डिजिटल लाइब्रेरी, कोरों रोड

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads