प्रयागराज: आत्महत्या प्रकरण में 2 महिला आरोपी गिरफ्तार, फूलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज। गंगानगर जोन के थाना फूलपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने से जुड़े एक मामले में वांछित दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रयागराज के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार थाना फूलपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 168/2026 धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के मामले में वांछित आरोपी रजिया (55 वर्ष) पत्नी मोहम्मद मुश्ताक तथा गुल्फसा उर्फ गुलफ्सा (28 वर्ष) पुत्री मोहम्मद मुश्ताक, निवासी बैरहना नई बस्ती थाना मऊआइमा, को रविवार को इफ्को गेट के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि वादी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहू और उसके परिजनों द्वारा उसके पुत्र के साथ मारपीट की गई तथा उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती थी। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसके पुत्र ने आत्महत्या कर ली थी। इसी शिकायत के आधार पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना फूलपुर के प्रभारी निरीक्षक शेषनाथ पाल, उपनिरीक्षक संतोष कुमार राय, कांस्टेबल श्रीश कुमार मिश्रा, महिला कांस्टेबल नेहा एवं महिला कांस्टेबल संतोषी शामिल रहीं।
Tags
उत्तर प्रदेश