प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा: एक और वांछित आरोपी गिरफ्तार, अब तक 4 आरोपी पहुंचे जेल
प्रयागराज, 25 मार्च 2026।
कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन अंतर्गत थाना फाफामऊ क्षेत्र में हुए आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने इस मामले में वांछित एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त और अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण में तथा सहायक पुलिस आयुक्त थरवई के नेतृत्व में थाना फाफामऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मो. जाबिर अली उर्फ जावेद (उम्र करीब 45 वर्ष), निवासी मन्दाह थाना कन्हई, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी को मलाक हरहर चौराहे के पास से पकड़कर विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
हादसे का पूरा मामला
गौरतलब है कि 23 मार्च 2026 को फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर मोरहू स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस चैंबर फटने से बड़ा हादसा हुआ था। विस्फोट के कारण भवन की दीवार और छत ढह गई, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए।
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कुल 18 लोगों को बाहर निकाला, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों का इलाज के बाद हालत सामान्य बताई जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस मामले में पहले ही 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में कुल 4 आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई को थाना फाफामऊ के थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार यादव और हेड कांस्टेबल राना सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जिम्मेदार लोगों की भी तलाश की जा रही है।
Tags
उत्तर प्रदेश