प्रयागराज: मऊआइमा में अमन-चैन की दुआओं के साथ अदा हुई जुमा अलविदा की नमाज, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

प्रयागराज: मऊआइमा में अमन-चैन की दुआओं के साथ अदा हुई जुमा अलविदा की नमाज, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में रमजान के आखिरी शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। कस्बा क्षेत्र की मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
रमजान के पवित्र महीने के अंतिम शुक्रवार को अदा की जाने वाली जुमा अलविदा की नमाज के अवसर पर मऊआइमा कस्बे की विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। नमाज के दौरान लोगों ने देश में शांति, सौहार्द और तरक्की के लिए दुआएं कीं।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। नमाज के समय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और मस्जिद परिसरों के बाहर कड़ा पहरा भी दिखाई दिया, जिससे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।
इससे पहले गुरुवार को थाना प्रभारी पंकज अवस्थी के नेतृत्व में क्षेत्र के मुस्लिम धर्मगुरुओं, मस्जिदों के इमामों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में शासन द्वारा जारी गाइडलाइन की जानकारी दी गई और लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं।
प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से मऊआइमा क्षेत्र में जुमा अलविदा की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads