प्रयागराज: मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
प्रयागराज, 29 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के तहत गंगानगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण में जोन के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अभियान के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
टीम द्वारा विशेष रूप से बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या मिशन शक्ति टीम से संपर्क करें।
इसके अलावा महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—पुलिस आपात सेवा 112, वूमेन पावरलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, सीएम हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930—की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर भी जागरूकता बढ़ाई गई।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा प्रदान करना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है, जिससे वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
Tags
News