पुलिस मुठभेड़ में घायल गैंगरेप का आरोपी एसआरएन अस्पताल से फरार, तीन दिन पहले सरायअकिल पुलिस ने पैर में मारी थी गोली

पुलिस मुठभेड़ में घायल गैंगरेप का आरोपी एसआरएन अस्पताल से फरार, तीन दिन पहले सरायअकिल पुलिस ने पैर में मारी थी गोली

दिलशाद अहमद कौशांबी

यूपी के कौशाम्बी में तीन दिन पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल गैंगरेप का एक टॉप टेन अपराधी अस्पताल से फरार हो गया है। उसके पैर में पुलिस ने गोली मारी थी। आरोपी का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा था। बीती रात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। टॉप टेन अपराधी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपी अभिनंदन ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दी है। टीमें अलग-अलग जगहों पर उसको तलाश करने में जुट गई है। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा से गैंगरेप के आरोपी के फरार होना चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना यह होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।

करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी अपने प्रेमी के साथ सरायअकिल इलाके के एक सुनसान जगह पर गई थी। किशोरी के अनुसार उसके साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। उसने आरोपियों के खिलाफ सरायअकिल थाना में तहरीर दी थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि एक टॉप टेन अपराधी एवं दुष्कर्म का आरोपी गुलशन को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मार दी थी। वह घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर घायल आरोपी ने पुलिस पर फर्जी तरीके से मुठभेड़ करने का आरोप भी लगाया था। इसके बाद घायल को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया था। वहां पर उसका इलाज चल रहा था। बीती रात वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी युवक के फरार होने की जानकारी पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया उसकी तलाश शुरू कर दी गई लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। एसपी अभिनंदन ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारकर घायल कर दिया था। जिसका प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह अस्पताल से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads