मऊआइमा सड़क चौड़ीकरण पर फिर दिखा UP9 News की खबर का असर, PWD ने दी कार्रवाई की जानकारी
पैमाइश और सीमांकन के बाद अब अतिक्रमण हटाने की तैयारी, नगर पंचायत को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
मऊआइमा/प्रयागराज। मऊआइमा कस्बे के मुख्य मार्ग पर लगातार लगने वाले जाम और सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को लेकर UP9 News की लगातार खबरों का असर एक बार फिर सामने आया है। सड़क की पैमाइश और सीमांकन के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने को लेकर UP9 News के आधिकारिक X हैंडल से उठाए गए सवाल पर लोक निर्माण विभाग की ओर से आधिकारिक अनुपालन आख्या जारी की गई है।
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-4 (कुंडा), प्रयागराज की ओर से दिनांक 7 सितंबर 2026 को जारी पत्र में मामले की स्थिति स्पष्ट की गई है। विभागीय आख्या के अनुसार मऊआइमा स्थित हरदासपुर-मदारी मऊआइमा-तीनबत्ती मार्ग लोक निर्माण विभाग के स्वामित्वाधीन है। पत्र में यह भी बताया गया है कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उक्त मार्ग से अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई वर्तमान में नगर पंचायत मऊआइमा, प्रयागराज द्वारा की जा रही है।
23 अगस्त को हुई थी पैमाइश और सीमांकन
विभागीय पत्र के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, नगर पंचायत मऊआइमा तथा लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पैमाइश/सीमांकन की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की अग्रिम कार्रवाई नगर पंचायत मऊआइमा द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नियमानुसार की जानी है।
लोक निर्माण विभाग ने अपनी आख्या में नगर पंचायत मऊआइमा को शीघ्र अग्रिम कार्रवाई के लिए अवगत कराने की बात कही है। यानी अब सड़क चौड़ीकरण की दिशा में सबसे अहम कदम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई माना जा रहा है।
UP9 News ने लगातार उठाया था मुद्दा
मऊआइमा में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण का मुद्दा UP9 News पिछले लंबे समय से लगातार प्रमुखता से उठाता रहा है। 24 अगस्त 2026 को सड़क की पैमाइश के बाद भी जब सड़क की सीमा में आने वाले कथित अतिक्रमण तत्काल नहीं हटाए गए तो UP9 News ने सवाल उठाया था कि पैमाइश और सीमांकन के बाद आखिर कार्रवाई कब होगी?
मऊआइमा कस्बे के मुख्य मार्ग पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ीकरण की कवायद शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही जाम से राहत मिलेगी, लेकिन पैमाइश के बाद भी अतिक्रमण यथावत रहने से सवाल उठने लगे थे।
अब लोक निर्माण विभाग की आधिकारिक आख्या सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि पैमाइश और सीमांकन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है तथा अतिक्रमण हटाने की अग्रिम कार्रवाई नगर पंचायत मऊआइमा के स्तर से की जानी है।
अब सबसे बड़ा सवाल—कब हटेगा अतिक्रमण?
सरकारी पत्र में कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होने के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर नगर पंचायत मऊआइमा की अगली कार्रवाई पर है। सवाल यही है कि सड़क की सीमा निर्धारित होने और विभागीय स्तर से शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद अतिक्रमण कब हटेगा और सड़क चौड़ीकरण का काम कब शुरू होगा?
अगर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द होती है तो मऊआइमा कस्बे के मुख्य मार्ग पर रोज लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Tags
उत्तर प्रदेश