तिरंगे के रंग में रंगा मऊआइमा, कटरा दयाराम से कठवर परवेजपुर तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
“राष्ट्र से बड़ा कुछ नहीं और तिरंगे से बढ़कर कोई गौरव नहीं” — सुधीर मौर्य
प्रयागराज। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ मंगलवार, 11 अगस्त को मऊआइमा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी मंडल मऊआइमा नगर की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोपहर करीब 12 बजे कटरा दयाराम ग्राम सभा स्थित पनपट्टी चौराहे से शुरू हुई इस यात्रा में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पासी के नेतृत्व में निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए लोगों ने “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मऊआइमा सुधीर मौर्य ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीर सैनिकों के शौर्य, माताओं की तपस्या, किसानों के परिश्रम और युवाओं के सपनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “राष्ट्र से बड़ा कुछ नहीं और तिरंगे से बढ़कर कोई गौरव नहीं है।”
तिरंगा यात्रा कटरा दयाराम स्थित पनपट्टी चौराहे से प्रारंभ होकर चौहान का पूरा, सीएचसी मऊआइमा, बैरहना चौराहा, पक्का तालाब, अलीपुर होते हुए कठवर परवेजपुर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान मंडल प्रभारी एवं भाजपा जिला मंत्री डॉ. राजू पाल, वरिष्ठ भाजपा नेता निमिष खत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष शारदा प्रसाद शुक्ला, मंडल महामंत्री हरिगोविंद पटेल एवं दिवाकर मिश्रा, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, संजय पटेल, मिठाई लाल, प्रदीप केसरवानी, संतोष पासी, अनिल पटेल, मो. इमरान, प्रमोद यादव, जयप्रकाश पटेल, श्याम सलोने त्रिपाठी और शम्भूनाथ पटेल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूती देने का संदेश दिया।