मऊआइमा स्टेशन रोड के तालाब पर कब्जे के आरोप के बीच पहुंची राजस्व टीम, हुआ सीमांकन

मऊआइमा स्टेशन रोड के तालाब पर कब्जे के आरोप के बीच पहुंची राजस्व टीम, हुआ सीमांकन

प्रयागराज। मऊआइमा स्टेशन रोड पर लगातार हो रहे जलभराव और तालाब में मिट्टी डालकर कब्जे के आरोपों के बीच सोमवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के निर्देश पर पहुंची टीम ने मऊआइमा रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित तालाब का सीमांकन किया। इस दौरान संबंधित पक्षों के लोग भी मौके पर मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि स्टेशन रोड के पास स्थित तालाब का कुछ हिस्सा सुल्तानपुर ग्राम सभा के अंतर्गत आता है, जबकि कुछ भूमि भूमिधारी बताई जा रही है। वहीं तालाब का बड़ा हिस्सा नगर पंचायत क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई है। इसी वजह से तालाब की जमीन और उसके आसपास की भूमि को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व टीम द्वारा सीमांकन की कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक स्टेशन रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान तालाब और सड़क के आसपास पानी जमा होने से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी बीच तालाब में मिट्टी डालकर उसके हिस्से पर कब्जा किए जाने के आरोप भी सामने आए थे।

सीमांकन के दौरान कानूनगो,लेखपाल विकास सिंह, लेखपाल शारदा पांडेय, सुल्तानपुर ग्राम सभा के ग्राम प्रधान चित्रसेन यादव, गजराज यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष शोएब अंसारी समेत नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

राजस्व टीम की इस कार्रवाई के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि तालाब की वास्तविक सीमा और संबंधित भूमि की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सीमांकन की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तस्वीर भी साफ होने की संभावना है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि तालाब की जमीन को सुरक्षित रखने के साथ-साथ स्टेशन रोड पर लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post

Ads