मऊ आइमा में युवती के घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बटहा गांव में एक युवती ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता, छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मऊआइमा थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया है 21 जून की रात करीब 8 बजे प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज क्षेत्र निवासी सलमान पुत्र मोहम्मद शरीफ, अरबाज पुत्र मुख्तार तथा उनके दो अज्ञात साथी उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर युवती को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने अश्लील हरकतें करते हुए युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया ! शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ मऊआइमा थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में कस्बा चौकी प्रभारी मारुति नंदन तिवारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
उत्तर प्रदेश