मऊआइमा लेखपाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप,भाजपा नेता ने डीएम से की शिकायत,जांच की मांग
प्रयागराज, 03 अप्रैल 2026।
जनपद में एक बार फिर राजस्व विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा नेता निमिष खत्री ने लेखपाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र में लेखपाल पर जमीन से जुड़े कार्यों में अवैध वसूली करने और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए गए हैं।
भाजपा नेता का आरोप है कि सोरांव तहसील अंतर्गत मऊआइमा में तैनात लेखपाल शारदा पांडे द्वारा आम जनता से काम करने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि लेखपाल द्वारा रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकार की छवि को धूमिल कर रही हैं और जनता का विश्वास कमजोर कर रही हैं।
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम स्तर पर सरकारी योजनाओं और जमीन संबंधी कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है। आरोप है कि बिना रिश्वत दिए आम लोगों के कार्यों को लटकाया जाता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि यदि समय रहते ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या और बढ़ सकती है।
निमिष खत्री ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित लेखपाल के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दौरान ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों को भी शामिल किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
भाजपा नेता ने शिकायती पत्र में कई प्रकरण का उल्लेख किया है जिसमें आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल शारदा पांडे और उनके सहयोगी लेखपाल द्वारा रिश्वतखोरी की जा रही है आम जनता से अवैध वसूली का बड़ा खेल चल रहा है ! अवैध वसूली का साक्ष्य मौजूद है
इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और क्या वाकई आरोपों की पुष्टि हो पाती है या नहीं। फिलहाल यह मामला जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Tags
उत्तर प्रदेश